फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एसआईआर में फतेहाबाद प्रदेश में प्रथम, अब 1.06 लाख मतदाताओं को जारी होंगे नोटिस: डीसी डॉ. विवेक भारती

फतेहाबाद। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में चलाए गए विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के सफल समापन के बाद अब नोटिस एवं दस्तावेज सत्यापन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं डीसी डॉ. विवेक भारती ने मंगलवार को लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि जिले के 1 लाख 6 हजार 630 मतदाताओं को नोटिस जारी किए जाएंगे। इन मतदाताओं से आवश्यक दस्तावेज लेकर उनका सत्यापन किया जाएगा, ताकि मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाया जा सके। *ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित, अब शुरू हुआ दावा एवं आपत्ति का चरण* डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि 31 जुलाई को मतदाता सूची का ड्राफ्ट प्रकाशित किया जा चुका है, जिसे जिला प्रशासन की वेबसाइट पर भी देखा जा सकता है। जिन मतदाताओं को दस्तावेज प्रस्तुत करने हैं, वे 31 जुलाई से 30 अगस्त तक अपने दस्तावेज जमा करा सकते हैं। वहीं, दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण की प्रक्रिया 28 सितंबर तक चलेगी तथा 3 अक्टूबर को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। *किन मतदाताओं को मिलेगा नोटिस* डॉ. विवेक भारती ने बताया कि नोटिस केवल उन्हीं मतदाताओं को जारी किए जाएंगे, जिनकी एसआईआर के दौरान मैपिंग में त्रुटि पाई गई है या जिनकी मैपिंग नहीं हो सकी। संबंधित मतदाताओं के दस्तावेजों की जांच के बाद ही उनके नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किए जाएंगे। *इन दस्तावेजों से होगा सत्यापन* नोटिस प्राप्त करने वाले मतदाता निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 12 प्रकार के दस्तावेजों में से कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत कर सकेंगे। इनमें राज्य सरकार द्वारा जारी पहचान पत्र, पासपोर्ट, मान्यता प्राप्त बोर्डों के शैक्षणिक प्रमाण-पत्र, स्थायी निवास प्रमाण-पत्र, वन अधिकार प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर, स्थानीय निकाय का परिवार रजिस्टर, सरकार द्वारा जारी भूमि या मकान आवंटन प्रमाण-पत्र सहित अन्य निर्धारित दस्तावेज शामिल हैं। *50 हजार से अधिक मतदाता एएसडीडी श्रेणी में* डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि एसआईआर के दौरान जिले के 50 हजार 568 मतदाताओं के नाम एएसडीडी (ऐब्सेंट , शिफ्टेड , डेड , डुप्लीकेट ) श्रेणी में दर्ज किए गए हैं। इनमें फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र के 20,796, रतिया के 17,863 तथा टोहाना के 11,909 मतदाता शामिल हैं। *मतदान केंद्रों की संख्या बढ़ी* मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मतदान केंद्रों का रेशनलाइजेशन किया गया है। इसके तहत जिले में 59 नए मतदान केंद्र बनाए गए हैं। अब जिले में मतदान केंद्रों की कुल संख्या 708 से बढक़र 767 हो गई है।1200 मतदाताओं पर एक मतदान केंद्र बनाया गया है। *एसआईआर के बाद ड्राफ्ट मतदाता सूची में जिले में 6.59 लाख मतदाता* डीसी ने बताया कि ड्राफ्ट मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 6 लाख 59 हजार 694 मतदाता दर्ज हैं। इनमें 3 लाख 48 हजार 669 पुरुष, 3 लाख 10 हजार 10 महिला तथा 15 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। विधानसभावार आंकड़ों के अनुसार फतेहाबाद में 2,35,739, टोहाना में 2,16,404 तथा रतिया में 2,07,551 मतदाता हैं। *नए मतदाता भी करा सकते हैं पंजीकरण* डीसी डा. विवेक भारती ने बताया कि जिन नागरिकों की आयु 1 जुलाई 2026 को 18 वर्ष या उससे अधिक हो चुकी है, वे फॉर्म-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में शामिल करा सकते हैं। *प्रदेश में प्रथम रहने पर सभी का जताया आभार* डीसी डॉ. विवेक भारती ने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी मतदाताओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, बीएलओ और बीएलए का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सभी के सामूहिक प्रयासों से फतेहाबाद जिला एसआईआर अभियान में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा, जो जिले के लिए गर्व की उपलब्धि है।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें