फतेहाबाद। शहर पुलिस ने गुरूनानकपुरा मोहल्ला में गुप्त सूचना के आधार पर एक घर में छापेमारी कर नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस ने मौके से 15 लोगों को नशा करते हुए पकड़ा, जबकि दो युवकों को अन्य लोगों को नशा उपलब्ध कराने और नशा करवाने के आरोप में गिरफ्तार किया। इस मामले में दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार सूचना मिली थी कि गुरूनानकपुरा स्थित एक मकान में कुछ लोग एकत्र होकर नशा कर रहे हैं। सूचना मिलते ही शहर थाना पुलिस ने टीम गठित कर मौके पर दबिश दी। छापेमारी के दौरान घर के अंदर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने 15 लोगों को मौके पर नशा करते हुए पकड़ लिया, जबकि दो युवकों पर वहां नशे का इंतजाम करने और अन्य लोगों को नशा करवाने का आरोप पाया गया। पुलिस ने सभी आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि नशीला पदार्थ कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है। दोनों मुख्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जिले में नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। नशा तस्करों और नशे के कारोबार से जुड़े लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रवक्ता विनोद का कहना है कि आमजन से अपील है कि यदि कहीं नशे की गतिविधियों की जानकारी मिले तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।