शहर के शहीद चौक पर संयुक्त किसान मोर्चा और जन संगठनों द्वारा अनिश्चितकालीन धरना तीसरे दिन भी जारी रहा। 3 अगस्त 2026 से शहीद चौक के नवीनीकरण व सौंदर्यीकरण के लिए अनिश्चितकालीन धरना किया जा रहा है। धरने को संबोधित करते हुए किसान नेता जोगिंदर घासीराम ने कहा कि चौक में शहीद-ए-आजम भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव की प्रतिमा लगी है, लेकिन चौक का सौंदर्यीकरण नहीं हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और स्थानीय राजनेता इस ओर ध्यान नहीं दे रहे। चौक की हालत जर्जर है और सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त है। नेता ने चेतावनी दी कि यदि 15 अगस्त तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला तो इस दिन शहीदों को माला अर्पण करने के लिए किसी SDM या राजनीतिक व्यक्ति को नहीं आने दिया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि भूमि अधिग्रहण, बिजली निजीकरण और स्मार्ट मीटर के विरोध में 10 अगस्त को पूरे देश में संयुक्त किसान मोर्चा आंदोलन करेगा। हर जिले में हजारों किसान गिरफ्तारियां देंगे। धरने में ट्रेड यूनियन, बिजली कर्मचारी और रिटायर्ड कर्मचारियों को भी शामिल होने की अपील की गई।