हरियाणा किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले सैकड़ों किसान शुक्रवार को फतेहाबाद में सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे और जमकर नारेबाजी की। किसान नई सब्जी में एकत्रित हुए और वहां से प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। प्रदर्शन का नेतृत्व राष्ट्रीय मजदूर किसान मंच से धीरज गाबा और पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति से ओमप्रकाश हसंगा ने संयुक्त रूप से किया वहीं मुख्य वक्ता के तौर पर पगड़ी संभाल जट्टा किसान संघर्ष समिति के प्रदेशाध्यक्ष मनदीप नथवान मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद किसानों ने एसडीएम फतेहाबाद को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर किसानों की समस्याओं का जल्द समाधान करने की मांग की। किसानों ने चेतावनी दी कि अगर सरकार ने इन मांगों को जल्द पूरा नहीं किया तो प्रदेशभर के किसान किसान मजदूर संघर्ष मोर्चा के बैनर तले एक सितम्बर को मुख्यमंत्री का घेराव करेंगे। आज के प्रदर्शन में सेम व जलभराव से पीडि़त गांव रामसरा, ढाबी कलां, खाबड़ा कलां, खाबड़ा खुर्द सहित अनेक गांवों के किसानों ने भी भाग लिया।