भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर घासी राम नैन ने अपनी टीम के साथ टोहाना अनाज मंडी में पहुंचकर किसानों की समस्या को सुना। इस दौरान किसानों ने अनाज मंडी में पीने के पानी की समस्या, धान खरीद में एमएसपी न दिए जाने, धान चोरी सहित अनेक समस्या को किसान नेता के समक्ष रखा। किसान नेता जोगिंदर घासी राम नैन ने तुरंत समस्या को लेकर मार्केट कमेटी सचिव संदीप गर्ग से बातचीत की तथा समस्याओं का हल करने को लेकर कहा जिसके बाद सचिव ने मंडी सुपरवाइजर को मौके पर भी दिया। इस दौरान जोगिंदर घासीराम नैन ने किसान नेता गुरनाम सिंह चढूनी द्वारा अधिकारी को थप्पड़ जड़ने पर कहा कि हम अनेक तरह से विरोध कर सकते है लेकिन अधिकारी या अन्य किसी को भी थप्पड़ मारना गलत है। जोगिंदर घासी राम नैन ने कहा कि प्रदेश में किसानों को धान पर एमएसपी नहीं दिया जा रहा है जिससे किसानों की फसल को आढ़ती व मिलर द्वारा मन चाहे रेट पर खरीदा जा रहा है। उन्होंने कहा कि दूसरे प्रदेशों से अवैध तरीके से चावल अधिकारियों की मिलीभगत से आ रहे है जिसके चलते एक बड़ा घोटाला हरियाणा में किया जा रहा है जिसकी सरकार को जांच करवानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा के किसानों की फसल को एमएसपी 2369 की बजाय 1900 से 2000 रुपए में खरीदा जा रहा है। 400 रुपए प्रति क्विंटल का धान घोटाला किया जा रहा है, जिसके लिए उनका संगठन विरोध करता रहेगा।