बिजली निगम के निजीकरण के विरोध में संयुक्त संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर सब-डिवीजन स्तर पर चल रहे तीन दिवसीय प्रदर्शन के दूसरे दिन शुक्रवार को भी बिजली कर्मचारियों ने उपमंडल कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की अध्यक्षता एचएसईबी वर्कर यूनियन के सब-यूनिट प्रधान सुरजमल नैन ने की। मंच संचालन एचएसईबी वर्कर यूनियन के सचिव भूपेंद्र ने किया। वक्ताओं ने कहा कि सरकार की निजीकरण की नीतियां बिजली कर्मचारियों, किसानों और आम उपभोक्ताओं के हितों के खिलाफ हैं। वर्कर यूनियन के यूनिट सचिव सुरेश कुमार, रामनिवास और एससी-बीसी वर्कर यूनियन के राजकुमार ने संबोधित करते हुए कहा कि जब तक सरकार मांगों को वापस नहीं लेती, आंदोलन जारी रहेगा। कर्मचारियों ने 10 अगस्त को फतेहाबाद में किसान संगठनों के प्रदर्शन में शामिल होने का संकल्प भी दोहराया। चेतावनी और आगे की रणनीति संघर्ष मोर्चा ने चेतावनी दी कि यदि मांगों का समाधान जल्द नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। कर्मचारियों ने 11 से 13 अगस्त तक देशव्यापी हड़ताल में भाग लेने की घोषणा भी की। प्रदर्शन में कर्मचारी नेता भूप सिंह भट्टोलांवाली, फकीर चंद सैनी, रामनिवास शर्मा, किसान नेता रविंदर सिंह हिजरावां और नागरिक अधिकार मंच से बनारसी दास मोगा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।