हिसार रोड स्थित संयुक्त किसान पक्का मोर्चा स्थल पर जिलाध्यक्ष लाभ सिंह हरिका की अध्यक्षता में किसानो ने एकत्रित होकर ऑपरेशन सिंदूर के बाद महिलाओं पर भाजपा नेताओं द्वारा की गई अभद्र भाषा व टिप्पणी पर विरोध जताया। इस दौरान किसानों द्वारा राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, विजय शाह, श्रीकांत दुबे का पुतला जलाया और भाजपा सरकार मुर्दाबाद के नारे लगाए। प्रदर्शन में बीजेपी नेताओं के पुतला जलाकर विरोध जताया गया। इस प्रोग्राम में किसान नेता जगतार सिंह रताथेह जिला सचिव सीटीयू, रमेश डांगरा, जगदीश सैनी सहित अनेक किसान उपस्थित रहे। किसान नेता लाभ सिंह ने बताया कि भाजपा नेताओं द्वारा लगातार ऑपरेशन सिंदूर के बाद से बहन बेटियों का अपमान किया जा रहा है जिससे समाज में रोष बना हुआ है। भाजपा को ऐसे नेताओं के खिलाफ कार्यवाही करते हुए उन्हें राज्यसभा से हटाना चाहिए ताकि इनके खिलाफ केस दर्ज किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि देश की बहन बेटियों के ऊपर गलत टिप्पणी करके ये नेता अपनी मानसिकता का परिचय देते है इसलिए अब जनता में इनके खिलाफ रोष बढ़ता जा रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए, जिसके बाद पार्टी को भी इनके खिलाफ एक्शन लेना चाहिए यदि पार्टी ने एक्शन नहीं लिया तो कही न कही ये लोग भाजपा की शय पर ऐसा कर रहे है।