फतेहाबाद के गांव सहनाल में एक बड़े ठगी के मामले का खुलासा हुआ है, जिसमें गांव के ही एक व्यक्ति ने सैकड़ों लोगों से करोड़ों रुपये की ठगी कर डाली। ठगी का शिकार हुए करीब 30 ग्रामीण मंगलवार को लघु सचिवालय पहुंचे और फतेहाबाद की एसपी आस्था मोदी से मिलकर पूरे मामले की शिकायत की। ग्रामीणों के अनुसार, सहनाल निवासी सुखदेव सिंह ने एक फर्म के माध्यम से लोगों को एक महीने में पैसे दोगुने करने का लालच दिया। कुछ लोगों को शुरुआत में दोगुनी राशि लौटाकर उसने लोगों का विश्वास जीता और फिर बड़ी संख्या में ग्रामीणों से लाखों-करोड़ों रुपये जमा करवा लिए। लेकिन अब वह न तो पैसे लौटा रहा है और न ही किसी से संपर्क कर रहा। पीड़ित ग्रामीणों श्यामलाल, सुखदेव और अमरीक सिंह ने बताया कि सुखदेव सिंह पैसे लेते वक्त लोगों को एक एफिडेविट भी देता था, जिससे उसका झांसा और भी विश्वसनीय लगता था। अब जब लोग अपने पैसे वापस मांग रहे हैं, तो वह टालमटोल कर रहा है या फिर मिल ही नहीं रहा। एसपी आस्था मोदी ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया है।