गांव कन्हड़ी की सामान्य चौपाल में बुधवार को बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों की पंचायत हुई। बैठक की अध्यक्षता मनीष कुमार ने की। ग्रामीणों ने कनिष्ठ अभियंता सुशील कुमार के नेतृत्व में सुबह गांव में बिजली चोरी पकड़ने पहुंची टीम का विरोध किया। मनीष कुमार ने कहा कि बिना सूचना के अधिकारी गांव में आकर कार्रवाई कर रहे हैं। इससे ग्रामीणों में रोष है। पूर्व सरपंच महावीर सिंह ने कहा कि यदि विभाग घरों के बाहर मीटर लगाने का प्रयास करेगा तो उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बिजली विभाग को निजी हाथों में सौंपने की जो चर्चाएं हैं, उसका भी गांव डटकर विरोध करेगा। ग्रामीणों ने चेतावनी देते हुए कहा कि भविष्य में यदि कोई अधिकारी बिना मुखिया को सूचना दिए गांव में आता है और उसके साथ कोई अप्रिय घटना होती है तो उसकी जिम्मेदारी विभाग की होगी। मनीष ने बताया कि गांव के कुछ युवा अब विभाग की गतिविधियों पर नजर रखेंगे। पंचायत में निर्णय लिया गया कि बिजली संबंधी किसी भी कार्रवाई से पहले विभाग गांव के प्रतिनिधियों को अवगत कराए। अन्यथा ग्रामीण विरोध प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे।