भूना। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने शुक्रवार शहर में पैदल मार्च निकाला। रामलीला ग्राउंड से थाना भूना तक निकाले गए इस मार्च के दौरान एसपी ने शहर में कानून व्यवस्था का जायजा लिया और पुलिस की सक्रियता का संदेश दिया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि अपराध और नशा तस्करी को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा ऐसे तत्वों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। पत्रकारवार्ता में एसपी ने कहा कि शहर में बढ़ती आबादी को देखते हुए शहर में एक अतिरिक्त पुलिस स्टेशन खोलने का प्रस्ताव तैयार कर सरकार को भेजा गया है। मंजूरी मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिद्वांत जैन ने बताया कि पैदल मार्च का मुख्य उद्देश्य आम जनता में सुरक्षा की भावना को मजबूत करना और पुलिस व नागरिकों के बीच आपसी विश्वास को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीमें शहर में लगातार गश्त और निगरानी कर रही हैं, ताकि किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर तुरंत अंकुश लगाया जा सके। पत्रकारों से बातचीत करते हुए एसपी जैन ने 19 जनवरी को गाजूवाला में ईआरवी-112 टीम पर हुए हमले में घायल एसपीओ सुरेंद्र किरमारा के मामले का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि इस घटना में एसपीओ की एक आंख की रोशनी स्थायी रूप से चली गई है। एसपी ने कहा कि सरकार की बीमा पॉलिसी के तहत उन्हें चिकित्सा सुविधाएं और आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जाएगी।