फतेहाबाद के जाखल क्षेत्र में गांव सिधानी निवासी किसान द्वारा थोड़े समय पहले खेत में बिजी गई गेहूं की फसल में सुंडी और कीड़ों का प्रकोप देखा जा रहा है। किसान की आठ एकड़ में बिजी गई गेहूं की फसल खराब हो गई। इससे निराश हुए किसान ने ट्रैक्टर चलाकर अपनी फसल को नष्ट कर दिया। पीड़ित किसान ने धान के अवशेषों का प्रबंधन करने से उसकी गेहूं की फसल में नुकसान होने की बात कही है। किसान का तर्क है कि खेतों में पराली को मिट्टी में मिलाने से उसकी लाखों रुपये की क्षति हुई है। पराली में सुंडी व कीड़ों के प्रकोप से उसकी फसल बर्बाद हुई है। इस कारण उसे अब अपनी फसल को नष्ट करना पड़ा है।