शहर के आजाद नगर स्थित एक आंगनवाड़ी वर्कर ममता के मकान से अज्ञात चोर लाखों रुपए के सोने चांदी के जेवरात व नकदी चुरा कर ले गए इसके बाद सूचना शहर पुलिस को दी है, पुलिस ने अज्ञात चोर के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पत्रकारों से बातचीत में आंगनवाड़ी वर्कर महिला ममता रानी ने बताया कि वह शुक्रवार को सायं करीब 4:00 बजे घर को बंद करके शहर थाना के पास निरंकारी सत्संग समागम में गई थी। जब वह सांय करीबन 5:30 बजे घर वापस आई तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था, जब उसने दरवाजा खटखटाया लेकिन घर में कोई नहीं था और उसने पड़ोस के बच्चों को बुलाकर मुख्य गेट खुलवाया गया। जब घर के अंदर जाकर देखा तो रसोई के रोशनदान को तोड़कर अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और घर में रखी आलमारी से सामान चुरा कर ले गया। महिला के अनुसार आरोपी उसके घर से 6 तोले सोने के जेवरात जिसमें चैन, लॉकेट, दो जोड़ी टॉप्स, दो अंगूठी व एक जोड़ी बाली, नाक का कोका, चांदी की ज्वेलरी 30 तोले जिसमें आठ जोड़ी पाजेब, चांदी के 10 सिक्के शामिल है। उसने पुलिस को शिकायत देकर कार्यवाही की मांग की है।