रविवार सुबह शहर के रेलवे स्टेशन के पास एक लगभग 70 वर्षीय बुजुर्ग नग्न अवस्था में सड़क के बीच पड़ा मिला। बुजुर्ग की हालत बेहद खराब थी। रास्ते से गुजर रहे सरदार भोला सिंह ने बुजुर्ग को देखा तो तुरंत श्री श्याम वृद्ध आश्रम की टीम को सूचना दी। सूचना मिलते ही आश्रम की टीम और 112 की एंबुलेंस मौके पर पहुंची। प्रत्यक्षदर्शियों और राहगीरों की मदद से बुजुर्ग को एंबुलेंस में लिटाकर पहले टोहाना के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे प्राथमिक उपचार दिया गया। इसके बाद उसे सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। श्री श्याम वृद्ध आश्रम से आए सदस्य ने बताया, "हमें 112 से कॉल आई थी कि स्टेशन के सामने एक बुजुर्ग नग्न अवस्था में पड़ा है। जब हम पहुंचे तो उसकी हालत बहुत खराब थी। शरीर पर नाली भी लगी हुई थी। हमने उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया है। उपचार के बाद उसे हम अपने राजनगर स्थित वृद्ध आश्रम में रखेंगे।" पुलिस और आश्रम की टीम ने अपील की है कि यदि कहीं भी इस तरह का कोई असहाय बुजुर्ग मिले तो तुरंत आश्रम के नंबर 9896756573 पर सूचना दें। मौके पर 112 की टीम, पुलिस और स्थानीय लोग मौजूद रहे। बुजुर्ग की पहचान अभी नहीं हो पाई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।