शहर की हंस कॉलोनी में शनिवार दोपहर को कुछ लोगों ने एक परिवार पर प्लॉट के विवाद को लेकर घर में घुसकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव भोड़िया खेड़ा निवासी विनोद व हंस कॉलोनी निवासी सुभाष उसके मकान व प्लॉट पर कब्जा करना चाहते थे जिस कारण उनके घर पर आकर लड़ाई-झगड़ा करते हैं। शनिवार को हुई घटना में उनके घर पर करीब 10 महिलाओं व 15 के करीब लड़कों ने घर में घुसकर मारपीट की है। इस दौरान घर में सिर्फ महिलांए थीं जिनमें से तीन को चोटें आई हैं। नागरिक अस्पताल में इलाज के लिए भर्ती परमजीत ने बताया कि विनोद व सुभाष उनके घर व प्लॉट पर कब्जा करना चाह रहे हैं, जिसको लेकर वह बार-बार उन्हें तंग करते हैं। शनिवार को घर में उनकी बेटी पूनम व गर्भवती बहू पूजा घर पर बैठी थी, इस दौरान करीब 35 लोग आए और उनके घर में रखा सामान तोड़कर बाहर फेंकने लगे। जिसको लेकर व विरोध करने लगे तो उनके साथ मारपीट की। करीब 20 मिनट तक वह घर में तोड़-फोड़ व उनके साथ मारपीट करते रहे। जिसके बाद इसकी सूचना पुलिस को दी और खुद इलाज के लिए अपनी बेटी व बहू के साथ नागरिक अस्पताल में भर्ती हुए।