सिरसा में सीआईए स्टाफ डबवाली टीम व थाना सदर डबवाली की संयुक्त टीम ने 28 अक्तूबर को गांव मौजगढ़ में हुई हत्या के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कुलदीप सिंह उर्फ गगी पुत्र हरदीप सिंह निवासी मटदादू व लक्ष्मण उर्फ पुण्ड पुत्र जगा सिंह निवासी मसीता को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों से वारदात में प्रयोग की गई मोटरसाइकिल व पिस्तौल भी बरामद किया है। इस मामले की जानकारी देते हुए पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने बताया कि 28 अक्तूबर को आरोपियों द्वारा अपने साथी के साथ मिलकर गांव मोजगढ़ में राजेंद्र सिंह उर्फ काला और उसके पुत्र करणवीर सिंह उर्फ मानी पर उनके घर के बाहर ताबातोड़ गोलियां चलाई थी। गोलियां लगने के कारण करणवीर सिंह उर्फ मानी गंभीर रूप से घायल हो गया था। बाद में उसकी उपचार के दौरान मौत हो गई थी। वहीं, घायल राजेंद्र सिंह का अभी इलाज चल रहा है। राजेंद्र सिंह के बयानों के आधार पर अज्ञात बाइक सवार युवकों पर हत्या व हत्या प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। अभी तक की जांच में सामने आया है कि चार पांच महीने पहले इनका आपसी विवाद हुआ था। उसी की रंजिश में इन तीन लोगों ने मिलकर राजेंद्र व उसके बेटे करणवीर पर गोलियां चलाई थी। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले की जांच को लेकर सीआईए स्टाफ व थाना सदर पुलिस, साइबर सेल की टीमों का गठन किया गया था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर सबूत जुटाते हुए आरोपियों को काबू करने में सफलता हासिल की। आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयोग किया गया मोटरसाइकिल व पिस्टल बरामद किया गया है। आरोपी कुलदीप सिंह उर्फ गगी व लक्ष्मण उर्फ पुण्ड को अदालत में पेश करके पुलिस पुलिस रिमांड पर लिया जाएगा और गहनता से पूछताछ कर अन्य आरोपियों को भी शीघ्र काबू किया जाएगा।