नगर परिषद का बजट हंगामे के बीच पहली बार में पास हो गया। शुक्रवार को नप पार्षदों व अधिकारियों ने 59 करोड़, 94 लाख, 80 हजार रुपये के बजट पर सर्वसम्मति से मुहर लगाई। बैठक शुरू होने से लेकर अंत तक काफी हंगामा हुआ। बैठक में दो पार्षद आपस में भीड़ गए और बात तू-तड़ाक तक पहुंच गई। वार्ड आठ से पार्षद नवीन प्रजापति ने कहा कि रुपये लेकर नामकरण किया हैं। इस पर पार्षद कुलदीप सैनी भड़क गए और मर्यादित भाषा का प्रयोग करने की नसीहत दी। इस पर दोनों ताव में आ गए और दाेनों के बीच खूब तू-तू-मैं मैं हुई। वहीं, पार्षद नवीन ने कहा कि यह बात उसने कुलदीप को नहीं, बल्कि चेयरमैन को कही थी। इसके अलावा बैठक में सड़कों के नाम बदलने, सफाई कर्मचारियों को हटाने, नए द्वार बनाने, स्ट्रीट लाइटों के वितरण सहित अन्य मुद्दों पर खूब हंगामा देखने को मिला। बैठक में नप चेयरमैन, कार्यकारी अधिकारी सहित 24 पार्षद व पार्षद प्रतिनिधि मौजूद रहे। बैठक के दौरान करीब 50 प्रस्ताव रखे गए, जो सभी मंजूर किए गए हैं।