लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में माई भारत युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार तथा जिला प्रशासन के तत्वावधान में चरखी दादरी के रोज पार्क से एकता पदयात्रा निकाली गई। कार्यक्रम में भिवानी–महेंद्रगढ़ लोकसभा सांसद चौधरी धर्मवीर सिंह, बाढ़डा विधायक उमेद पातुवास, उपायुक्त डॉ. मुनीश नागपाल, भाजपा जिलाध्यक्ष सुनील इंजीनियर और नगर परिषद चेयरमेन बक्सी राम सैनी ने अगुवाई की। पदयात्रा की शुरुआत सांसद और विधायक ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्प अर्पित कर की। शुरुआत से ही युवाओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। भारत माता की जय और वंदे मातरम के नारों से पूरा शहर गूंज उठा। बड़ी संख्या में खिलाड़ी, युवा और गणमान्य लोग पैदल चलते हुए राष्ट्र की एकता और अखंडता का संदेश दे रहे थे। पदयात्रा में युवाओं को सरदार पटेल के राष्ट्र निर्माण में योगदान से अवगत करवाया गया। साथ ही राष्ट्रीय एकता, भाईचारे, नशा मुक्ति, स्वच्छता, आत्मनिर्भर भारत और स्वदेशी संकल्प पर भी लोगों को जागरूक किया गया। रोज पार्क से शुरू हुई पदयात्रा लघु सचिवालय पहुंचकर संपन्न हुई, जहां रास्तेभर नागरिकों ने भारत माता की जयकारों से प्रतिभागियों का स्वागत कर उत्साह को दोगुना कर दिया।