चरखी-दादरी में एनएच-334 बी पर बुधवार देर शाम एक क्रेटा को ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे में क्रेटा सवार खेड़ी बत्तर निवासी किशोरी की मौत हो गई जबकि उसका भाई व चाचा घायल हो गए। वीरवार सुबह पुलिस ने दादरी नागरिक अस्पताल में मृतका का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया और परिजनों के बयान पर आरोपी चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार बुधवार शाम खेड़ी बत्तर निवासी अनिल, अपनी भतीजी सीना और भतीजे साहिल के साथ कार में सवार होकर दादरी आया था। बुधवार को साहिल का जन्मदिन था और उसकी बहन के कहने पर वो तीनों केक लेने के लिए दादरी आए थे। दादरी से वापस घर लौटते समय एनचच 334-बी पर जब वो भैरवी गांव के समीप पहुंचे तो एक ट्रक ने उनकी क्रेटा को टक्कर मार दी।