दादरी शहर में घरेलू गैस सिलिंडर की मारीमारी का आलम लगातार बना हुआ है। वीरवार को जहां दादरी गैस सर्विस में गैस का स्टॉक समाप्त होने के बाद एडवांस पर्ची काटने की प्रक्रिया को बंद रखा गया, वहीं अशोक गैस सर्विस में उपभोक्ताओं की लंबी कतार लगी रही। लगातार बढ़ती भीड़ को देखते हुए व्यवस्था बनाए रखने के लिए एजेंसी संचालकों की ओर से पुलिस की सहायता लेनी पड़ी। कतार में खड़ी महिलाओं ने कहा कि संचालक तीन पुरुषों के बाद एक महिला की पर्ची काट रहे हैं, जिससे उनके घरेलू काम प्रभावित हो रहे है। जिला प्रशासन भले ही घरेलू गैस सिलेंडर के पर्याप्त भंडारण के दावे कर रहा हो लेकिन सिलिंडर लेने के लिए उपभोक्ताओं की लंबी कतार में कोई कमी नजर नहीं आ रही है। इसकी बानगी हर रोज एजेंसियों के बाहर लगने वाली कतारों को देख कर लगाई जा सकती है। ऐसे ही हालात वीरवार को भी बने रहे जब, पूर्ण मार्केट स्थित दादरी गैस सर्विस पर स्टॉक समाप्त होने के बाद ईकेवाईसी व मोबाइल नंबर दर्ज करवाने वाले लोगों की भीड़ लगी रही। वहीं लोहारू रोड स्थित अशोक गैस एजेंसी के बाहर महिलाओं और पुरुषों की लंबी कतारें लगी हुई थी। दादरी गैस एजेंसी के प्रबंधक का कहना है कि बुधवार को 511 उपभोक्ताओं ने पर्ची कटवाने के बाद गैस सिलिंडर की डिलिवरी प्राप्त की है।