चरखी-दादरी में इन दिनों सीवर व्यवस्था चरमराई हुई है। इससे गलियों और मुख्य सड़कों पर भरा दूषित पानी राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। परेशान लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो पाया है। कुछ क्षेत्र तो ऐसे हैं जहां 6 माह भी हालात नहीं बदले हैं और मजबूरीवश लोगों ने आवागमन का रास्ता ही बदल लिया है। बता दें कि जनस्वास्थ्य विभाग शहर की सीवर समस्याओं का स्थायी समाधान करने के नाम पर करोड़ो रुपये खर्च कर चुका है, लेकिन बावजूद इसके अब तक धरातल पर ज्यादा सुधार नजर नहीं आया है। सीवर समस्या से परेशान लोगों का कहना है कि विभाग को कई बार शिकायत करने के बाद खानापूर्ति की जा रही है और उन्हें हर दूसरे दिन समस्या का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि ब्लॉकेज खोलने के नाम पर कर्मचारी सीवर मैनहोल में फट्टी मारकर चले जाते हैं और एक या दो दिन बाद समस्या फिर से बन जाती है। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या पर संज्ञान लेकर जल्द से जल्द स्थायी समाधान कराने की मांग की है ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके और माहौल भी दुर्गंधमय न रहे। जानिये...शहर के किस क्षेत्र में कम से बनी समस्या काठमंडी: शहर के काठमंडी क्षेत्र में स्थित राजकीय कन्या स्कूल के समीप पिछले करीब ढाई साल से सीवर समस्या बनी है। अब तक विभाग इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पाया और छात्रों समेत प्रतिदिन दो हजार लोग इस समस्या का दंश झेल रहे हैं। स्थानीय निवासी दीपक, महेश, रामबिलास आदि का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी नतीजा सिफर है। मुथरी घाटी: वार्ड 16 स्थित मुथरी घाटी से चरखी दरवाजा की तरफ जाने वाली सड़क पर पिछले तीन साल से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। सीवर मैनहोल का दूषित पानी सड़क के बीच भरा रहने से स्थानीय लोगों और राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है। वार्ड निवासी प्रिंस, सुरेश, ललित, अर्जुन व मनीष ने बताया कि अब तक विभाग समस्या का स्थायी समाधान नहीं कर पाया है। वार्ड-17: वार्ड 17 स्थित स्वर्ण जयंती शताब्दी पार्क के सामने तीन साल से सीवर ओवरफ्लो की समस्या बनी हुई है। कॉलोनी के लगभग 50 घरों के लोगों का बाहर निकलना दूभर बना हुआ है। स्थानीय लोगों को मजबूरीवश रास्ता बदलन पड़ रहा है और उन्हें बाजार पहुंचने के लिए करीब एक किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी नेत्रपाल, मनोज, हरीश और दीपक ने समाधान की मांग की है। शहर की सीवर व्यवस्था में सुधार के लिए हम प्रयासरत्त हैं। जल्द ही विभिन्न जगहों पर बनी समस्याओं का समाधान करवा दिया जाएगा और इसके बाद लोगों को परेशानियों से दो-चार नहीं होना पड़ेगा।