विकास के दावों के बीच सरकारी विभागों के आपसी तालमेल की कमी आम जनता पर भारी पड़ रही है। रावलधी-भिवानी लिंक रोड बाईपास पर बने रेलवे ओवरब्रिज पर लगी 30 स्ट्रीट लाइटें पिछले तीन साल से बंद हैं, जिसके कारण रात होते ही यह पूरा हिस्सा अंधेरे में डूब जाता है। मामले में लोक निर्माण विभाग और बिजली निगम आमने-सामने हैं। लोक निर्माण विभाग के इलेक्ट्रोनिक शाखा के कनिष्ठ अभियंता अनूप सिंह का दावा है कि विभाग ने तीन लाख रुपये की बकाया राशि दो साल पहले ही जमा कर दी थी। इसके बावजूद बिजली निगम ने कनेक्शन बहाल नहीं किया है। दूसरी ओर, बिजली निगम के एसडीओ गौरव कुमार का कहना है कि सामान्यतः सरकारी लाइटों के कनेक्शन नहीं काटे जाते। उन्होंने आश्वासन दिया कि मामले की जांच कर जल्द ही बिजली आपूर्ति शुरू कर दी जाएगी। इस मार्ग से प्रतिदिन दिल्ली, रोहतक, गुरुग्राम और भिवानी की ओर जाने वाले हजारों वाहन गुजरते हैं। साथ ही क्रशर जोन के भारी वाहनों का भी यहां निरंतर आवागमन रहता है। स्थानीय वाहन चालकों ने बताया कि पर्याप्त रोशनी न होने के कारण यहां अक्सर वाहनों के टकराने का डर बना रहता है।