गांव कादमा स्थित सेढ़ माता मंदिर परिसर में वार्षिक मेले के अवसर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। प्रतियोगिताओं में आसपास के गांवों के खिलाड़ियों, युवाओं और ग्रामीणों ने उत्साह के साथ भाग लिया। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में मेले जैसा माहौल रहा और लोगों ने खेलों का भरपूर आनंद लिया। आयोजित प्रतियोगिताओं में रस्सा-कस्सी, मटका दौड़ और बुजुर्गों की दौड़ शामिल रही। रस्सा-कस्सी प्रतियोगिता में जींद की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि कादमा की टीम द्वितीय और कान्हड़ा की टीम तृतीय स्थान पर रही। महिला मटका दौड़ में प्रमिला ने पहला स्थान प्राप्त किया। मिलो हंसावास ने दूसरा और सुनीता कादमा ने तीसरा स्थान हासिल किया। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के बुजुर्गों के लिए भी विशेष दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बुजुर्गों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इस दौड़ में कृष्ण जींद ने प्रथम, गिरधारी कोटपूतली ने द्वितीय और सतपाल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रतियोगिताओं के समापन पर विजेताओं को भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मवीर सिंह ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि खेल युवाओं के जीवन में अनुशासन, मेहनत और टीम भावना का विकास करते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में ऐसे आयोजन होने से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है और युवाओं को आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है।