गणतंत्र दिवस के पर्व को लेकर दादरी जिले में उत्साह और देशभक्ति का माहौल बना हुआ है। 26 जनवरी को मनाए जाने वाले राष्ट्रीय पर्व को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। वहीं शहर के मुख्य चौक-चौराहों को तिरंगे की तर्ज पर चुनरी आदि से सजाया गया है, जिससे पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंगों में सराबोर नजर आ रहा है। दादरी की नई अनाज मंडी में आयोजित होने वाले जिला स्तरीय समारोह में इस बार भिवानी-महेंद्रगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद धर्मबीर सिंह मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत करेंगे। वे ध्वज फहराने के बाद परेड की सलामी लेंगे। वहीं, उपमंडल स्तर पर बाढड़ा में भी गणतंत्र दिवस धूमधाम से मनाया जाएगा। बाढड़ा में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में विधायक उमेद पातुवास मुख्य अतिथि होंगे। समारोह के दौरान स्कूली बच्चों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे। इसके साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती झांकियां भी निकाली जाएंगी। गणतंत्र दिवस को देखते हुए पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह मुस्तैद है। शहर में सार्वजनिक स्थानों के साथ-साथ चप्पे-चप्पे पर निगरानी रखी जा रही है।