दादरी शहर स्थित शहीद दलबीर सिंह राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक संस्कृति मॉडल स्कूल के नए भवन निर्माण का शुभारंभ विधायक सुनील सांगवान ने नारियल फोड़कर किया। करीब 6.34 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले यह आधुनिक भवन न केवल शिक्षा के स्तर को ऊंचा उठाएगा, बल्कि लंबे समय से स्कूल परिसर में हो रही जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान भी करेगा। विधायक सुनील सांगवान ने बताया कि लंबे समय से स्कूल परिसर में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई थी, जिससे विद्यार्थियों और स्टाफ को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। इस मुद्दे को लेकर उन्होंने 21 सितंबर 2025 को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात कर नया भवन बनाने की मांग रखी थी। सरकार द्वारा मांग पर संज्ञान लेते हुए भवन निर्माण को मंजूरी दी गई, जिसके बाद अब निर्माण कार्य का शुभारंभ किया गया है। कार्यक्रम के दौरान विधायक ने स्कूल की पुरानी बिल्डिंग, लाइब्रेरी और कार्यालयों का निरीक्षण भी किया। उन्होंने लाइब्रेरी को और समृद्ध बनाने के लिए प्राचीन इतिहास और सामान्य ज्ञान से जुड़ी नई पुस्तकों की व्यवस्था करने की घोषणा की। उनका कहना था कि विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।