मंगलवार को जैन समाज द्वारा शहर में भगवान महावीर जन्म शोभायात्रा एवं जैन ध्वज यात्रा धूमधाम के साथ निकाली गई। सर्वप्रथम जैन समाज सहित अन्य समाजों के लोग जैन मंदिर से चल कर जैन समाधि स्थल पर पहुंचे और लाभार्थी परिवार द्वारा समाधि स्थल पर विराजित गुरुओं की आरती की। रजनी जैन, नवनीत जैन ने शोभा यात्रा का शुभारंभ किया। भगवान महावीर की प्रतिमा को सजे-धजे रथ में बैठाकर दिल्ली से सचिन, प्रियंका, प्रतीक, प्राची के द्वारा प्रतिमा का नगर भ्रमण करवाया गया। शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन, अहिंसा और जैन धर्म के संदेशों को दर्शाती सजीव झांकियां व जैन ध्वज यात्रा में महिला व पुरुषों की भागीदारी लोगों के लिए आकर्षण केंद्र रही। शोभा यात्रा के दौरान बैंड-बाजे, ढोल-नगाड़ों की थाप पर श्रद्धालु जय महावीर के जयकारे लगाते रहे और भजन-कीर्तन व नृत्य करते हुए अपनी खुशी जाहिर की।