लुधियाना के आरके रोड स्थित एक फैक्टरी में सोमवार को पाना-चाबी (टूल) निर्माता फैक्टरी में सीवरेज से जहरीली गैस का रिसाव हो गया। इसमें सीवर की सफाई करने आए पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की जान चली गई। गैस रिसाव के बाद फैक्टरी परिसर में भगदड़ मच गई। गैस की चपेट में आने से कई अन्य मजदूर बेहोश हो गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सूचना मिलने के बाद थाना मोती नगर की पुलिस सहित विभिन्न टीमें वहां पहुंच गई और राहत कार्य शुरु करवाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, फैक्टरी में रोजाना की तरह उत्पादन का काम सामान्य रूप से चल रहा था। सीवरेज की गाद निकालने के लिए लोगों को बाहर से बुलाया गया था। बताया जा रहा है कि सीवर का ढक्कन खोलते ही गैस निकली और माैके पर ही पिता-पुत्र समेत तीन लोगों की माैत हो गई।