पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के बीच गठबंधन की अटकलों को हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने खारिज कर दिया है। उन्होंने साफ कहा कि पंजाब में भाजपा का गठबंधन किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि प्रदेश की जनता से है। सैनी ने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव के बाद पंजाब में भाजपा की सरकार बनेगी। सीएम सैनी यह बातें सोमवार को आयोजित प्रेस वार्ता में कही। बीते हफ्ते अकाली दल के मुखिया सुखबीर सिंह बादल ने संसद में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की थी। सैनी ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 140 करोड़ लोगों का प्रतिनिधित्व करते हैं। वह किसी से भी मुलाकात कर सकते हैं। सिर्फ प्रधानमंत्री और सुखबीर बादल की मुलाकात को भाजपा-अकाली गठबंधन से जोड़कर देखना ठीक नहीं है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कुछ लोगों ने तो यह मानकर जश्न मनाना शुरू कर दिया कि आखिरकार प्रधानमंत्री ने सुखबीर बादल को समय दे दिया।