दिवंगत वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई पूरण कुमार के गनमैन रहे सुशील कुमार को अंबाला सेंट्रल जेल के विशेष बैरक में शिफ्ट कर दिया गया है। सोमवार को उनकी पत्नी सोनी देवी ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के रजिस्ट्रार जनरल, मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और जेल डीजी आलोक राय को पत्र लिखकर रोहतक जेल में सुशील कुमार की जान को खतरा होने की आशंका जताई थी। साथ ही उनको प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप भी लगाए थे। पत्र में उन्होंने दो बंदियों का नाम लिया था जिनसे सुशील को खतरा था। पत्र के अनुसार शनिवार सुबह ही सुशील ने फोन करके परिवार को इसकी सूचना दी थी। पत्र पर तत्काल संज्ञान लेते हुए मंगलवार को डीजी जेल ने सुशील कुमार को अंबाला सेंट्रल जेल में शिफ्ट करने और आरोपों की जांच करके विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए। शाम छह बजे जेल में शिफ्ट भी कर दिया गया। उन्होंने अंबाला जेल प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि सुशील कुमार को विशेष बैरक में रखा जाए। सख्ती से जांच पड़ताल करने के बाद ही उससे मिलने की अनुमति दी जाए। वहीं, सुशील की गतिविधियों पर भी जेल प्रशासन की पैनी नजर रहेगी।