भिवानी में दिनदहाड़े शहर के हनुमान गेट कोयला भट्ठी क्षेत्र के एक मकान में बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे पति के मौसेरे भाई ने प्रेम-प्रसंग में भाभी बबीता (38) की चाकू से गोदकर हत्या करने के बाद खुद जान देने की कोशिश की। घटना की सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस ने मकान को सील कर एफएसएल टीम से मुआयना कराया। वहीं, आरोपी देवर अमित को रोहतक पीजीआई में भर्ती कराया गया है। वहीं, मृत महिला के पति की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या में प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन प्रारंभ कर दी है। शहर में हनुमान गेट कोयला भट्ठी क्षेत्र निवासी बबीता (38) अपने पति मोनू के साथ दो बच्चे बेटा हिम्मत (15) और छोटा बेटा सूरज (11) के साथ रहती थी। कुछ अर्से पहले ही नया मकान भी बनाया था। मोनू की सगी मौसी का बेटा लोहारू निवासी अमित (35) का उसके घर आना जाना था। अमित भी उनके घर के पास ही अलग रहता था। महिला बबीता दिनोद गेट स्थित एक निजी अस्पताल में बतौर सफाई कर्मचारी काम करती थी। मंगलवार रात की शिफ्ट में उसकी ड्यूटी थी। ड्यूटी के बाद बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे घर पहुंची थी। उसके घर पर पहले से ही अमित मौजूद था। किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी अमित ने बेड पर बैठी बबीता पर चाकू से ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिए। खून से लथपथ महिला मदद के लिए चिल्लाती रही। वारदात के समय उसके दोनों बेटे घर पर ही थे।