हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने हरियाणा में राज्यसभा की 2 सीटों पर हो रहे चुनाव को लेकर प्रतिक्रिया दी है। साथ ही उन्होंने आईएनएलडी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय चौटाला भी जवाब मांगा है। उन्होंने कहा है कि चुनाव में 3 उम्मीदवार मैदान में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने राज्यसभा चुनाव को लेकर अभय सिंह चौटाला के बयान पर कहा कि अभय सिंह चौटाला का बयान पूरी तरह बेबुनियाद है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा का तीसरा उम्मीदवार उनकी सहमति से उतारा गया है, यह आरोप पूरी तरह गलत है। वह शनिवार को लोक निर्माण विश्राम गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। वह किसी सामजिक कार्यक्रम में शिरकत करने झज्जर पहुंचे थे। हुड्डा ने कहा कि अभय सिंह चौटाला न तो कांग्रेस को चाहते हैं और न ही बीजेपी को, इसलिए उन्हें राज्यसभा चुनाव में वोटिंग के दौरान अनुपस्थित रहना चाहिए। हुड्डा ने कहा कि यदि अभय सिंह चौटाला वोटिंग में हिस्सा लेते हैं तो यह साफ हो जाएगा कि वह बीजेपी की बी-टीम की तरह काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हरियाणा की जनता सब कुछ समझती है और राजनीतिक दलों की मंशा को अच्छी तरह जानती है। हुड्डा ने कहा कि राज्यसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस पूरी तरह एकजुट है और पार्टी अपने उम्मीदवार की जीत को लेकर आश्वस्त है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को लेकर अनावश्यक बयानबाजी करने के बजाय अभय सिंह चौटाला को अपनी राजनीतिक स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।