राहुल गांधी के दौरे से ठीक पहले हरियाणा कांग्रेस ने अपनी जिला कार्यकारिणी का विस्तार कर दिया है। कांग्रेस ने राज्य के कुल 33 जिला कांग्रेस कमेटियों में से 20 कमेटियों की कार्यकारिणी का 11 साल बाद विस्तार किया। बाकी 13 जिला कांग्रेस कमेटियों की घोषणा जल्द पूरी कर दी जाएंगी। उल्लेखनीय है कांग्रेस का कुरुक्षेत्र में संगठन सृजन अभियान चल रहा है। 22 जनवरी तक चलने वाले प्रशिक्षण शिविर में 21 जनवरी को राहुल गांधी भी आएंगे, जहां वे पंजाबी धर्मशाला में पार्टी जिला अध्यक्षों व उनके परिवारजनों से करीब तीन घंटे तक खुलकर चर्चा करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भी कार्यशाला में पहुंचने की संभावना है मगर शनिवार शाम तक उनका कार्यक्रम तय नहीं हो सका। राहुल गांधी के कार्यक्रम की पुष्टि प्रदेश मीडिया प्रभारी संजय भारद्वाज ने की है।