शहर में एक बार फिर बम की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया है। इस बार पंजाब यूनिवर्सिटी को निशाना बनाते हुए धमकी दी गई है, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गई हैं। जानकारी के अनुसार धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा बलों की टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे कैंपस की गहन तलाशी शुरू कर दी गई। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए बम निरोधक दस्ते को भी तैनात किया गया है। फिलहाल अब तक कोई विस्फोटक सामग्री बरामद होने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए हर पहलू से जांच की जा रही है। धमकी किस माध्यम से दी गई और इसके पीछे कौन लोग हैं, इसका पता लगाने के प्रयास जारी हैं। गौरतलब है कि चंडीगढ़ में इससे पहले भी कई सरकारी विभागों और संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकियां मिल चुकी हैं। हालांकि, अब तक ऐसे किसी भी मामले में ठोस गिरफ्तारी नहीं हो पाई है, जिससे सुरक्षा एजेंसियों की चुनौती बढ़ गई है।