मनीषा मौत मामले में जांच कर रही सीबीआई द्वारा अब तक मौत का खुलासा नहीं किए जाने से नाराज परिजनों व ग्रामीणों ने एक बार फिर आंदोलन की राह पकड़ ली है। गांव ढाणी लक्ष्मण के ग्रामीण व परिजनों ने शनिवार से भिवानी के लिए न्याय पैदल जत्था यात्रा शुरू की है। मनीषा के पिता संजय ने बताया कि सर्व समाज न्याय समिति ने एक मार्च को बैठक की थी। जिसमें फैसला लिया गया था कि 7 मार्च को न्याय पैदल जत्था गांव ढाणी लक्ष्मण से चल कर 9 मार्च को उपायुक्त कार्यालय भिवानी पहुंचेगा। न्याय पैदल जत्था में सभी किसान संगठनों, खापों और महिला एवं पुरुषों को आमंत्रित किया गया है। बतां दें कि 11 अगस्त को घर से स्कूल जाने के लिए निकली मनीषा का 13 अगस्त को सिंघानी नहर के पास शव बरामद हुआ था। मामले की जांच तीन सितंबर से सीबीआई कर रही है। करीब छह माह से मनीषा की मौत का खुलासा नहीं हुआ है। इसी के चलते परिजनों और जनसंगठनों ने फिर से मनीषा की मौत को न्याय दिलाने के लिए न्याय पैदल जत्था निकालने का निर्णय लिया है।