चौधरी बंसी लाल विश्वविद्यालय का युवा महोत्सव उत्कर्ष वर्ष 2025 में ओवरऑल चैंपियन बना। वैश्य महाविद्यालय में सोमवार सुबह जीत का जश्न मनाया गया। इस दौरान ट्रॉफी हाथ में लेकर प्रतिभागी टीमों के विजेता विद्यार्थियों ने ढोल की थाप पर थिरककर अपनी खुशी का इजहार किया। इस मौके पर वैश्य महाविद्यालय ट्रस्ट के अध्यक्ष विधायक घनश्याम सर्राफ ने भी छात्रों को शुभकामनाएं दीं। वहीं, महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने युवा महोत्सव में अर्जित उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस दौरान महाविद्यालय परिसर में विजेता टीमों के प्रतिभागी एकत्रित हुए। प्राचार्य डॉ. संजय गोयल ने बताया कि महाविद्यालय के टीमों ने युवा महोत्सव के लिए करीब सप्ताह भर पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी थी। ये जीत विद्यार्थियों की अथक मेहनत का नतीजा है। कार्यक्रम में ट्रस्टी बृजलाल सर्राफ और सेल्फ फाइनेंस विभाग की डॉयरेक्टर डॉ प्रोमिला सुहाग ने भी विद्यार्थियों का मनोबल बढ़ाया।