तोशाम क्षेत्र के गांव सागवान में बाढ़ प्रभावित परिवारों को सुरक्षित जगह पहुंचाने में तोशाम पुलिस मदद के लिए आगे आई है। पुलिस थाना एसएचओ और उनकी टीम गांव में करीब चार फीट पानी में उतरकर ग्रामीणों के घरेलू सामान को निकलवाने में मदद कर रहे हैं। पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने जिले में अधिक बारिश से कई गांव में जल भराव होने पर संबंधित प्रबंधक थाना को ऐसे क्षेत्रों पर कड़ी निगरानी रखने व आम लोगों की जान माल की सुरक्षा करने व हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। खुद पुलिस अधीक्षक भिवानी ने कई गांवों में जाकर जलभराव की स्थिति का जायजा लिया था। बाढ़ से प्रभावित गांव सागवान में पुलिस बल भी रेस्क्यू कार्य में जुटा हुआ है। थाना प्रभारी महाबीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस बल ने गांव सांगवान में बुजर्ग, बच्चों, विभिन्न लोगों व उनके घरेलू सामान का गांव से रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों पर भिजवाया। थाना प्रभारी महाबीर सिंह ने कहा की पुलिस बल प्रभावित क्षेत्र गांव सागवान में पानी में फंसे ग्रामीणों को रेस्क्यू करने में लगे हुए हैं। जिला प्रशासन ने जो रिलीफ कैंप स्थापित किए हैं, वहां पर भी पुलिस अपनी भूमिका निभा रही है। थाना प्रभारी ने आमजन से भी अफवाहों पर ध्यान न देते हुए किसी भी संकट में प्रशासन द्वारा जारी सहायता केंद्रों पर फोन के माध्यम से सूचना दिए जाने की अपील की है। इसके साथ ही आमजन किसी भी विकट परिस्थिति में डायल 112 पर भी सूचना दे सकते हैं।