लोहारू क्षेत्र के गांव खेड़ा में शराब ठेका के पास करीब 60 वर्षीय व्यक्ति का शव मिलाा। ठेके के कर्मचारियों ने इसकी सूचना तुरंत लोहारू पुलिस को दी। सूचना मिलते ही लोहारू थाना प्रभारी मुरारी लाल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने मौके की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया, जिन्होंने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और जांच की। इसके बाद पुलिस ने मृतक जीराम के शव को कब्जे में लेकर लोहारू के उप नागरिक अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि मृतक की पहचान गांव बिसलवास निवासी जी राम (करीब 60 वर्ष) के रूप में हुई है। इस मामले में मृतक के बेटे संदीप के बयान के आधार पर लोहारू पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पुलिस के जांच अधिकारी देवेंद्र कुमार का कहना है कि फिलहाल मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा।