सीईटी को लेकर जिले में पुख्ता बंदोबस्त किए गए हैं। 56 हजार से अधिक परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों की 35 लोकेशनों पर पहुंचाने के लिए सात सेंटर बनाए गए हैं। परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचाने से लेकर परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा को लेकर भी अधिकारियों ने बंदोबस्त जांचे हैं। डीआरडीए सभागार में शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में उपायुक्त साहिल गुप्ता ने बताया कि सीईटी परीक्षा के लिए 56 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। 26 और 27 जुलाई को चार शिफ्टों में परीखा होंगी। इसमें दूसरे जिलों से आने वाले और यहां से दूसरे जिलों में परीक्षा के लिए बाहर जाने वाले परीक्षार्थियों के लिए कुल 595 बसें लगाई गई हैं। परीक्षा केंद्रों की 35 लोकेशनों को सात सेंटरों में बांटा गया है, जाकि बाहर से आने वाले परीक्षार्थियों को परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने में दिक्कत न उठानी पड़ें। वहीं पुलिस अधीक्षक मनबीर सिंह ने कहा कि परीक्षा को लेकर शहर में जाम की स्थिति से निपटने के लिए भी बंदोबस्त किए हैं। ट्रैफिक पुलिस कर्मचारी मोर्चा संभालेंगे। पेपर आउट होने की संभावनाओं को लेकर भी पुलिस पैनी नजर बनाए हुए हैं। किसी भी तरह की गड़बड़ी की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम और संबंधित पुलिस थाना में दी जा सकती है। जिस पर पुलिस तुरंत एक्शन लेगी।