शहर के भीम स्टेडियम में रविवार को तीन दिवसीय 57 वीं हरियाणा सीनियर राज्य स्तरीय बॉस्केट बॉल स्पर्धा दूसरे दिन भी जारी रही। इस दौरान लड़कों के मुकाबले में कुरुक्षेत्र ने सोनीपत को 95-89 से हराया। कैथल ने अंबाला को 62-61 से हराया। जानकारी देते हुए हरियाणा बॉस्केट बॉल एसोसिएशन के सचिव श्रीपाल ने बताया कि तीन दिवसीय राज्य स्तरीय बॉस्केट बॉल प्रतियोगिता में सभी जिलों से एक-एक लड़कों और लड़कियों की 44 टीमें हिस्सा ले रही हैं। इस प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य टीम में किया जाएगा। राज्य टीम 4 से 11 जनवरी तक चेन्नई में होने वाली नेशनल बॉस्केट बॉल स्पर्धा में भाग लेंगी। उन्होंने बताया कि इस प्रतियोगिता का आयोजन जिला बॉस्केट बॉल एसोसिएशन और हरियाणा राज्य बॉस्केट बॉल एसोसिएशन द्वारा किया जा रहा है। जिला स्तर पर सोनिया देवी की देखरेख में इस प्रतियोगिता का सफल आयोजन तीन दिन तक भीम स्टेडियम में चलेगा। प्रतियोगिता का दूसरा दिन है। सभी खिलाड़ी शांति प्रिय तरीके से खेल भावना के साथ खेल रहे हैं। खिलाड़ियों के खाने-पीने की व्यवस्था भी स्टेडियम में ही की गई है। सोमवार को प्रतियोगिता के समापन पर हरियाणा ओलंपिक एसोसिएशन के उप-प्रधान राकेश बतौर मुख्य अतिथि शिरकत करेंगे। विशिष्ट अतिथि के तौर पर चौधरी बंसीलाल विश्वविद्यालय भिवानी कुलपति प्रो. दीप्ति धर्माणी और डीन और डायरेक्टर सीबीएलयू प्रो. सुरेश मलिक शिरकत करेंगे।