गांव बलकरा (जिला चरखी दादरी) के मूल निवासी एवं वर्तमान में लोहारू निवासी समाजसेवी जगदीश सिंह ने अपनी सेवानिवृत्ति की प्रथम वर्षगांठ तथा जन्मदिन के उपलक्ष्य में शिक्षा क्षेत्र में सराहनीय पहल करते हुए सरकारी विद्यालयों को आवश्यक सामग्री भेंट की। करीब 17 वर्षों से लोहारू में रह रहे जगदीश सिंह ने शिक्षा को सशक्त बनाने का संकल्प दोहराते हुए विद्यार्थियों के हित में सहयोग प्रदान किया। उन्होंने पीएमश्री कन्या स्कूल, लोहारू में दो अलमारी, एक डिस्पेंसर व दो सम्मान पट भेंट किए। वहीं, राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल लोहारू को एक डिस्पेंसर भेंट किया। विद्यालय प्रशासन ने इस सहयोग के लिए उनका आभार व्यक्त किया। जगदीश सिंह इससे पूर्व भी शिक्षा क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। सेवानिवृत्ति के अवसर पर उन्होंने अपने पैतृक गांव बलकरा में बच्चों के लिए शेड एवं स्टेज का निर्माण करवाया था, जिससे सांस्कृतिक व शैक्षणिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिला।