लोहारू रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म पर एक युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार संतोष कुमार (22 वर्ष) पुत्र बाबूलाल निवासी गांव खरूही, जिला मोतिहारी (बिहार) 9 अप्रैल की रात्रि करीब एक बजे रेलवे स्टेशन प्लेटफार्म पर संदिग्ध अवस्था में जीआरपी पुलिस को मिला। इस संबंध में सूचना रेलवे विभाग द्वारा जीआरपी को दी गई थी। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को तुरंत एम्बुलेंस की सहायता से लोहारू के सरकारी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दरअसल, शुक्रवार को मृतक के जीजा ऋषि देव सिंह निवासी गांव बेला, जिला मोतिहारी (बिहार) लोहारू पहुंचे, जहां पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाने के बाद शव उनके सुपुर्द कर दिया। जीआरपी पुलिस ने मृतक के जीजा के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल संतोष कुमार की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इस बारे में कोई स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आई है।