भिवानी में संयुक्त किसान मोर्चा ने किसान मजदूरों के प्रमुख नेता दीनबंधु चौधरी छोटूराम की 143वीं जयंती मनाई। मोर्चा के सदस्यों ने सुबह बड़ चौक महम गेट पर स्थित चौधरी छोटूराम की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया तथा उन्हें याद किया । कार्यक्रम की अध्यक्षता किसान नेता रामफल देशवाल व बलबीर सिंह बजाड़ ने संयुक्त रूप से की। किसान सभा व संयुक्त किसान मोर्चा के नेता कामरेड ओमप्रकाश व युवा कल्याण संगठन के संरक्षक कमल सिंह प्रधान ने कहा कि अंग्रेजों के राज में दीनबन्धु चौधरी छोटूराम ने खिजर हयात खान के साथ मिलकर संयुक्त पंजाब में यूनियनिस्ट पार्टी की सरकार बनाई थी। उस सरकार के कार्यकाल के दौरान उन्होंने 1938 में साहूकारा रजिस्ट्रेशन कानून, किसान ऋण मुक्ति कानून, कर्ज से साहूकार द्वारा किसान की कुर्क की गई जमीन वापिस लेने का कानून, किसान का घर व बैल पशु कुर्की पर रोक लगाने का कानून, रविवार की छुट्टी का कानून तथा बाल श्रम पर रोकथाम के कानून बनवाए थे। उन्होंने इन कानूनों के तहत किसान मजदूरों की मुक्ति कराई थी। कामरेड ओम प्रकाश ने कहा कि हमारे स्वाधीनता संग्राम के नेताओं व समाज सुधारकों को जाति के चश्मे से देखना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। कार्यक्रम में किसान नेता मास्टर शेर सिंह, राजकुमार दलाल, जयपाल कोंट, कोंट सरपंच प्रेमसिंह, पूर्व सरपंच हरविंदर, सतबीर जांगड़ा, दिनेश शर्मा कोंट मौजूद रहे।