पीएमश्री राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय लोहारू में लीगल लिटरेसी क्लब के तत्वावधान में राष्ट्रीय मतदाता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि खंड शिक्षा अधिकारी लोहारू विजय प्रभा रहीं। खंड शिक्षा अधिकारी विजय प्रभा ने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि लोकतंत्र की आत्मा है। प्रत्येक नागरिक का एक-एक वोट देश की दिशा और जनतंत्र की मजबूती तय करता है। उन्होंने उपस्थित छात्राओं, शिक्षकों एवं नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने मताधिकार का निर्भीक, जिम्मेदारीपूर्ण और सजग होकर उपयोग करें तथा वोट की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें, ताकि किसी भी साजिश के माध्यम से जनता की आवाज को दबाया न जा सके और लोकतंत्र अक्षुण्ण बना रहे। लीगल लिटरेसी क्लब के ब्लॉक कोऑर्डिनेटर डॉ. सुरेश भारद्वाज ने बताया कि भारत सरकार द्वारा वर्ष 2011 से निर्वाचन आयोग के स्थापना दिवस 25 जनवरी को ही राष्ट्रीय मतदाता दिवस के रूप में मनाने की शुरुआत की गई थी। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक नागरिकों की चुनावी प्रक्रिया में भागीदारी सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि आम नागरिक का एक वोट ही सरकारें बदलने की ताकत रखता है, इसलिए मत का प्रयोग सोच-समझकर करना अत्यंत आवश्यक है। कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए विद्यालय प्रभारी अनीता शर्मा ने कहा कि वर्तमान समय में प्रत्येक मतदाता का यह कर्तव्य है कि वह लोकतंत्र के हित में विवेकपूर्ण मतदान करे। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं की भूमिका पर जोर देते हुए कहा कि भारत की लगभग 65 प्रतिशत आबादी युवा है, इसलिए चुनावों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही देश को विकास और तरक्की की दिशा मिल सकती है। कार्यक्रम का सफल मंच संचालन राजीव वत्स द्वारा किया गया। इस अवसर पर उपस्थित मतदाताओं को सही एवं निष्पक्ष मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में रामबीर पार्षद प्रतिनिधि, अनिल शर्मा, राजेश कुमार, प्रवेश श्योराण, सुरेश कुमार, कुलदीप शर्मा, हवा सिंह उपस्थित रहे।