कस्बे जूई के बस स्टैंड पर शनिवार देर रात करीब एक बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में जूई कला निवासी मनोज उर्फ बच्ची की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, घायल अभिषेक निवासी नंगला को भिवानी के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि विकास निवासी गोलागढ़ को गंभीर हालत में रोहतक पीजीआई रेफर किया गया है। जबकि चालक मनीषा यादव मौके से फरार है। जानकारी के अनुसार गांव नंगला निवासी अभिषेक हिसार से अपने घर लौट रहा था। जूई पहुंचने पर उसकी मुलाकात अपने तीन दोस्तों से हुई। चारों दोस्त कार में सवार हो गए। बताया जा रहा है कि मनीष यादव ने कार चलाने की इच्छा जताई और ड्राइविंग सीट संभाल ली। कुछ ही देर बाद बस स्टैंड के पास कार तेज गति के कारण अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि आसपास के लोग भी धमाके की आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहीं, घायल अभिषेक नंगला की शिकायत पर चालक मनीष यादव के खिलाफ पुलिस ने विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस ने मामला दर्ज जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की पड़ताल की जा रही है। जूई थाना से एएसआई रणबीर ने बताया कि मृतक मनोज का पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंप दिया गया। शनिवार को गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। हादसे से गांव में शोक की लहर दौड़ गई है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।