गांव ढाणी नौरंगाबाद में पूर्व मंत्री एवं विधायक घनश्याम सर्राफ ने रविवार को महात्मा ज्योतिबा फुले धर्मशाला में एक हॉल कमरे की आधारशिला रखी। यह हॉल समाज के लिए एक महत्वपूर्ण सामुदायिक केंद्र के रूप में कार्य करेगा। शिलान्यास समारोह की अध्यक्षता सैनी कल्याण परिषद के पूर्व प्रधान सत्यनारायण सैनी ने की। इस मौके पर विधायक घनश्याम सर्राफ ने कहा कि इस तरह के सामुदायिक भवन समाज के लिए बेहद लाभदायक साबित होते हैं। उन्होंने कहा कि ये भवन ना केवल सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनते हैं, बल्कि आपसी भाईचारा और एकता को भी बढ़ावा देते हैं। विधायक ने कहा कि किसी भी भवन का नाम किसी महान व्यक्ति के नाम पर रखने का उद्देश्य उनके योगदान को स्मरण और सम्मान देना है। सत्यनारायण सैनी ने कहा कि यह नया भवन महात्मा ज्योतिबा फुले के आदर्शों पर आधारित होगा और इसका उद्देश्य शिक्षा, सामाजिक सुधार और सामुदायिक कल्याण को बढ़ावा देना है। सैनी ने कहा कि 15 लाख रुपये की लागत से एक हॉल कमरे की नींव रखी है। गांव की तीन गलियां बनाने की भी घोषणा। इसके अलावा विधायक ने गांव के अन्य विकास कार्यों को करवाए जाने का भी आश्वासन दिया है।