होली पर्व के उपलक्ष्य में लोहारू अनाज मंडी में विधायक राजवीर सिंह फरटिया के नेतृत्व में होली मिलन समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में शहर के सैकड़ों लोगों ने भाग लेकर होली का आनंद लिया। कार्यक्रम में रंगों के स्थान पर फूलों के साथ होली खेली गई। विधायक ने उपस्थित लोगों के साथ पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम, भाईचारे व सौहार्द का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि होली केवल रंगों का ही नहीं, बल्कि दिलों को जोड़ने का पर्व है, जिसे सभी को मिल-जुलकर मनाना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान छोटे-छोटे बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों ने स्टेज पर खुलकर नृत्य किया और फाल्गुनी गीतों पर जमकर झूमे। विधायक स्टील की थाली जैसी ढप को हाथ में लेकर बजाते हुए भी नजर आए। ढप की थाप पर लोगों ने तालियां बजाईं और उत्साह के साथ झूम उठे। उपस्थित जनसमूह ने फूलों से होली खेलकर और एक-दूसरे को गले लगाकर पर्व की शुभकामनाएं दीं। पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह, उमंग और भाईचारे का अद्भुत दृश्य देखने को मिला।