शहर के चौधरी बंसीलाल नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को स्वास्थ्य कर्मचारियों को पिछले चार महीनों से वेतन न मिलने से नाराज दर्जनों कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। शुक्रवार सुबह 9 बजे से 10 बजे तक कर्मचारियों ने कामकाज छोड़ अस्पताल परिसर में जोरदार नारेबाजी की और धरने पर बैठ गए। वेतन संकट से गहराया रोष दीपक तंवर की अध्यक्षता में आयोजित इस विरोध प्रदर्शन में लगभग 90 से 100 कर्मचारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों का मुख्य आरोप है कि पिछले चार महीनों से उन्हें सैलरी नहीं दी गई है, जिससे उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। धरने को संबोधित करते हुए प्रधान दीपक तंवर ने कहा कि बार-बार गुहार लगाने के बावजूद प्रशासन और सरकार उनकी सुध नहीं ले रहे हैं। इस दौरान सर्व कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने भी धरने स्थल पर पहुंचकर कर्मचारियों की मांगों का समर्थन किया। यूनियन नेताओं ने स्पष्ट किया कि आज का यह प्रदर्शन केवल एक सांकेतिक चेतावनी थी। यदि सरकार ने जल्द ही बकाया वेतन जारी नहीं किया, तो वे सर्व कर्मचारी संघ के बैनर तले प्रदेश स्तर पर एक बड़ा आंदोलन शुरू करने को मजबूर होंगे। आज के इस विरोध प्रदर्शन में मुख्य रूप से ओमप्रकाश, अशोक गोयत, समेर आर्य सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने अंत में सर्व कर्मचारी संघ के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया और अपनी मांगों पर अडिग रहने का संकल्प लिया। संवाद