हांसी के पूर्व एसडीएम कुलभूषण बंसल के खिलाफ सिविल लाइन थाना पुलिस में एफआईआर दर्ज होने के बाद डीएसपी हेडक्वार्टर हरेंद्र कुमार ने मामले की जांच शुरु कर दी है। पुलिस की टीम जल्द ही इस मामले में का खुलासा करेगी। पुलिस टीम घटना स्थल का मुआयना भी करेगी। इस मामले में जल्द ही अनुसूचित आयोग की टीम आने की संभावना है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार मोहन ने बताया कि डाक के माध्यम से एक शिकायत मिली थी। डीएसपी हेडक्वार्टर को शिकायत की जांच सौंपी गई। डीएसपी हरेंद्र ने मामले की जांच के बाद इसे सही पाया। जिसके आधार पर सिविल लाइन थाना में एफआईआर नंबर 425 दर्ज की गई है। इसमें एफआईआर में एचसीएस अधिकारी कुलभूषण बंसल के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। शिकायत के आधार पर 377, 506 तथा एससी एसटी एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। एएसपी राजेश कुमार मोहन ने बताया कि इस मामले में अभी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। साक्ष्य के तौर पर एक वीडियो क्लिप मिली है। जिसकी फोरेंसिक जांच भी कराई जाएगी। शिकायत कर्ता के बयान भी लिए जाएंगे। जांच प्रक्रिया के बाद ही आरोपी की गिरफ्तारी होगी। आरोपी एचसीएस कुलभूषण बंसल को हरियाणा सरकार की ओर से निलंबित किया जा चुका है। उनका अश्लील वीडियो वायरल होने के बाद इस मामले में हांसी के विधायक विनोद भयाना ने भी जांच कर कार्रवाई की मांग की थी।