सरसों की सरकारी खरीद शनिवार से शुरू हो चुकी है। पहले दिन मात्र चार किसानों ने सरसों की फसल को सरकारी एजेंसियों को बेचा है। वहीं, सरसों की फसल के सरकारी की तुलना में भाव ज्यादा मिलने के कारण किसानों का ज्यादा रुझान प्राइवेट एजेंसियों को फसल बेचने का है। इसके अलावा शहर की मंडी में मार्केट कमेटी द्वारा फसल बेचने के लिए आने वाले किसानों के लिए सभी जरूरी उपयुक्त सुविधा मुहैया करवाई जा रही है। दरअसल, सरकार ने किसानों को 6200 रुपये एमएसपी दिया है, लेकिन खुली मार्केट में किसानों की सरसों अब भी 6800 रुपये प्रति क्विंटल बिक रही है। यानी एक क्विंटल पर 800 रुपये का मुनाफा किसानों को मिल रहा है। शनिवार से मंडियों में सरसों की सरकारी खरीद शुरू हो चुकी हैं। भिवानी जिले की 3 मंडियों को सरकारी खरीद के लिए अधिकृत किया गया है। इन मंडियों में भिवानी, बवानीखेड़ा व चांग की मंडियां शामिल है। वहीं, कमेटी द्वारा मंडी में चार शेड़ों की व्यवस्था की गई है। साथ ही, बारिश से सरसों को बचाने के लिए तिरपाल की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा गेट पर भी सीसीटीवी की निगरानी रखी गई है। ऐसे में पंजीकृत किसान भी प्राइवेट बोली में सरसों बेचना पसंद कर रहे हैं।