चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल लघु चिड़ियाघर में अब बब्बर शेर का कुनबा बढ़ेगा, इसके लिए नालंदा से भिवानी में करीब सवा साल की मादा शेरनी बिट्टू लाई गई है, जिसके बदले यहां से दो साल चार माह का नर बब्बर शेर शेरा को नालंदा भेजने की तैयारी हो चुकी है। अब लघु चिड़ियाघर में दो नर और पांच मादा बब्बर शेर हैं। मादा शेरनी बिट्टू को नालंदा से लाने के बाद करीब एक माह तक उसे अलग सीमित बाड़े में रखा जाएगा। जिसे दर्शकों के दीदार के लिए अभी बाहर नहीं निकाला जाएगा। भिवानी के चौधरी सुरेंद्र सिंह मेमोरियल लघु चिड़ियाघर में गीता और सिंभा बब्बर शेर के जोड़ा से 2023 में दो नर बब्बर शेर जुड़वा शेरा और सिंघम पैदा हुए थे। जबकि गीता और सिंभा से दूसरी बार अक्तूबर 2025 में तीन मादा शेरनी पैदा हुई थी। नर बब्बर शेर सिंघम और शेरा वयस्त हो चुके हैं। बब्बर शेर का कुनबा बढ़ाने के लिए ही सेंट्रल जू अथॉरिटी की मंजूरी से नालंदा चिड़ियाघर से भिवानी के लघु चिड़ियाघर में मादा शेरनी को लाया गया है। नई मादा शेरनी का नाम बिट्टू हैं और वह करीब सवा साल की है। बिट्टू करीब दो साल की उम्र में वयस्क मादा बन जाएगी। जिसके बाद इसका यहां पहले से मौजूद नर बब्बर शेर सिंघम से मिलन कराया जाएगा। वन्यजीव रक्षक सोमबीर सिंह ने बताया कि मादा शेरनी बिट्टू की लगतार निगरानी की जा रही है और उसके खान-पान पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।