लोहारू में मंगलवार को सायं लगभग 6:40 बजे वार्ड नंबर 3, पुराना शहर स्थित मकान में किराए पर रह रहे एक व्यक्ति ने फंदा लगाकर आत्महत्या की है। मृतक की पहचान विवेक कुमार पुत्र महावीर, निवासी गांव लालई खेरगढ़, जिला फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह लोहारू में किराए के मकान में रहकर कार्य करता था। घटना की सूचना मिलते ही ईआरवी-142 की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद थाना लोहारू के प्रभारी निरीक्षक मुरारी लाल भी पुलिस टीम सहित घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मृतक विवाहित था तथा उसके दो बच्चे हैं, जो अपने पैतृक गांव में रहते हैं। वह लोहारू स्थित सफल फीड मिल में कार्यरत था। थाना प्रभारी निरीक्षक मुरारी लाल ने बताया कि पुलिस द्वारा मौके की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। एफएसएल टीम को सूचित किया गया है। मृतक के परिजनों के पहुंचने तथा एफएसएल टीम की जांच के बाद शव को नीचे उतारकर आगामी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।